केएमपी एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में ट्रक चालक घायल।
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। कुंडली- मानेसर- पलवल एक्सप्रेसवे पर मोहम्मदपुर अहिर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव शेखपुर सीमा के पास एक सड़क हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित विक्रम सिंह निवासी जनपद ऐटा उत्तर प्रदेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कपूर डीजल कंपनी बिनोला में बतौर ड्राइवर तैनात है। 26 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे वह अपनी गाड़ी में मोटरसाइकिलें भरकर फरुखनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान गाड़ी में अचानक आवाज आने पर उसने गाड़ी को एक्सप्रेसवे पर शेखपुर गांव के पास खड़ा किया और जांच करने लगा। इसी बीच पीछे से आ रहे एक ट्रेलर चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से कैंटर में टक्कर मार दी। हादसे में कैंटर चालक विक्रम के बाएं पैर पर ट्रेलर का पहिया चढ़ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। मामले में पुलिस ने पीड़ित के बयान पर ट्रेलर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।