24 बोतल कोडीन सिरप बरामद, आरोपी गिरफ्तार – एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। हरियाणा को नशामुक्त बनाने के लिए चल रहे विशेष अभियान के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो फरीदाबाद यूनिट ने एक और सफलता हासिल की है। नूहं जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के खेड़ली खुर्द गांव में मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 24 बोतल कोडीन सिरप बरामद की और एक आरोपी को दबोच लिया।
कार्रवाई ब्यूरो महानिदेशक ओपी सिंह के दिशा-निर्देशों पर की गई। यूनिट इंचार्ज निरीक्षक मनोज सांगवान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह के साथ एक टीम का गठन किया गया। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि खेड़ली खुर्द गांव में एक युवक मेडिकल स्टोर से नशे का अवैध कारोबार चला रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी की और आरोपी को मेडिकल स्टोर से ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में 24 बोतल कोडीन सिरप बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईकबाल पुत्र दीन मोहम्मद, निवासी खेड़ली खुर्द, थाना सदर फिरोजपुर झिरका, जिला नूह के रूप में हुई है।