एनएच-19 पर बाबरी मोड़ के पास हुई दुर्घटना, ट्रक चालक वाहन समेत फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। नेशनल हाईवे-19 पर होडल क्षेत्र के बाबरी मोड़ के पास एक सड़क हादसे में बाइक सवार शख्स की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने वाला ट्रक चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
होडल थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि यूपी के आगरा जिले के जगनेर रोड निवासी दीपक और उनके पिता होतम सिंह हरियाणा के जींद में टाइल्स लगाने का काम करते थे। काम खत्म करने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। बाबरी मोड़ के पास वे शौच के लिए रुके और थोड़ी देर बाद हाईवे पर दोबारा चलने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों बाप-बेटा सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोट लगने से होतम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक घायल हो गया। घायल बेटे ने बताया कि वह दर्द और सदमे के कारण ट्रक का नंबर नोट नहीं कर सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और ट्रक व उसके चालक की तलाश में टीम लगा दी है।