मिलेनियम सिटी सेंटर से सुभाष चौक तक सर्विस रोड की होगी विशेष मरम्मत
नंबर गेम - 4.97 करोड़ रुपये खर्च करेगा जीएमडीए
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी सेंटर से सुभाष चौक तक मास्टर रोड के साथ सर्विस रोड की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) इस पर करीब 4.97 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके तहत सेक्टर-41/44, 40/45, 39/46 और 38/47 को विभाजित करने वाली मास्टर रोड के किनारे सर्विस रोड की मरम्मत और इससे जुड़े अन्य कार्य किए जाएंगे।
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते मिलेनियम सिटी सेंटर से सुभाष चौक तक वाहनों की आवाजाही के लिए मास्टर रोड के साथ सर्विस रोड का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। हालांकि, सर्विस रोड कई जगहों पर क्षतिग्रस्त है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है और यातायात भी प्रभावित होता है। कुछ स्थानों पर मास्टर रोड पर भी गड्ढे होने से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जीएमडीए ने सड़क की मरम्मत के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इसकी अनुमानित लागत 4.97 करोड़ रुपये है और निविदा 28 अक्तूबर को खोली जाएगी। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आसपास के सेक्टरों के निवासियों और इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
सुबह-शाम जाम से जूझते हैं वाहन चालक
मिलेनियम सिटी सेंटर से सुभाष चौक तक कई जगह सड़क जर्जर हो चुकी है। मिलेनियम सिटी सेंटर के आगे जीएमडीए कार्यालय और ट्रैफिक सिग्नल के आसपास भी सड़क की हालत खराब है। वहीं, सुभाष चौक से मिलेनियम सिटी सेंटर की ओर आने वाले मार्ग पर भी कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त है। इस मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। मेट्रो निर्माण कार्य के चलते मास्टर रोड संकरी होने से वाहन चालक जाम से बचने के लिए सर्विस रोड का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सर्विस रोड खराब होने से उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। आसपास के सेक्टरों के निवासियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। यह रोड सुभाष चौक पर गुरुग्राम-सोहना हाईवे को जोड़ती है। दूसरी ओर दिल्ली मेट्रो का मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन है।
सर्विस रोड की मरम्मत कराई जाएगी। बारिश के दौरान सड़क कई जगहों पर खराब हो गई है। मरम्मत कार्य पूरा होने से वाहन चालकों को राहत मिलेगी। - शेखर नांदल, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए