विकास सदन में एक्यूआई रहा 64 , कूड़े का नहीं हो रहा उठान
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शनिवार और रविवार को छुट्टी वाले दिन लोगों को हवा में प्रदूषण से थोड़ी राहत मिली । रविवार की सुबह विकास सदन में एक्यूआई पीएम 2.5 का स्तर 64 दर्ज किया गया जो सप्ताह के दिनों में 200 तक पहुंच गया था। सेक्टर 51 के मॉनिटर में भी अन्य दिनों की अपेक्षा हवा कुछ कम खराब दर्ज की गई। रविवार को यहां एक्यूआई 270 था जो पिछले दिनों 350 तक पहुंच गया था।
शुक्रवार को कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) ने ग्रैप को लेकर एक नई गाइड लाइन जारी की थी। इसमें निगम क्षेत्र में समय पर कूड़ा उठाए जाने और उसके समय पर निष्पादन के बारे में भी निर्देश थे, मगर शहर में कुछ ऐसी जगहें भी हैं, जहां से महीने भर से कूड़ा नहीं उठाया गया। नतीजन कूड़े में आग लगाकर खत्म किया जा रहा है और इससे भी प्रदूषण बढ़ रहा है। शहर के कई हिस्सों के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने नगर निगम के अधिकारियों से कूड़ा उठाए जाने की मांग की है।
कूड़ा नहीं उठाए जाने की शिकायत
सेक्टर 45, मालिबू टाउन, निर्वाणा कंट्री, न्यू कॉलोनी, सेक्टर 31, ग्रीनवुड सिटी सेक्टर 45 ए, बी और सी ब्लाॅक सेक्टर 69 ट्यूलिप चौक, सेक्टर 23 ए, ओल्ड दिल्ली गुरुग्राम रोड, डूंडाहेड़ा, सेक्टर 51, ग्रीनवुड सिटी सेक्टर 46, डीएलएफ फेज -2 , आरडी सिटी, सेक्टर -15 पार्ट -1 सेक्टर 55 सुशांत लोक -2 ए और ए वन ब्लॉक, वजीराबाद में ढाणी रोड, आरडीमॉल के पास ग्रीन बेल्ट एरिया, सेक्टर 56, सेक्टर 52, सेक्टर 21,हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर 7 एक्सटेंशन में कूड़ा कई दिन से नहीं उठाए जाने की शिकायत लोगों ने की है।