आठ सितंबर तक चलेगा 38वां राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दृष्टिबाधित व्यक्तियों को नेत्र दान करने के लिए आठ सितंबर तक 38वां राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने इस अभियान की जानकारी दी। उपायुक्त ने बताया कि नेत्रदान करने से मृत्यु के बाद भी दूसरे व्यक्तियों के जीवन में उजाला ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि आंखें दान करने के लिए हरियाणा के टोल फ्री नंबर 108 व राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1800-11-4770 पर संपर्क किया जा सकता है। समाज में नेत्रदान के प्रति फैली भ्रांतियों के निराकरण के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग तीन सितंबर को जागरूकता रैली का आयोजन करेगा।
जागरूकता के अभाव में नेत्रदान समाज में आज भी बेहद कमजोर स्थिति में है। ऐसे में नेत्रदान के लिए लोगों को प्रेरित करने के उद्देश्य से जागरूकता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। नेत्रदान के प्रति दूसरों को जागरूक करना भी इस मुहिम का हिस्सा है। सिविल सर्जन डॉ वीरेंद्र यादव ने बताया कि मृत्यु के बाद नेत्रों को छह से आठ घंटे तक निकाला जा सकता है। नेत्रदाताओं और प्राप्त कर्ताओं के लिए कोई शुल्क नहीं लगता। सिविल सर्जन ने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि नेत्र दानी की मृत्यु के बाद परिजन तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। डॉ यादव ने कहा कि नेत्रदान से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए जिला नागरिक अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, एनजीओ आई हॉस्पिटल और आई बैंक में संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि समाज में नेत्रदान के प्रति फैली भ्रांतियों के निराकरण के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग रविवार तीन सितंबर को जागरूकता रैली का भी आयोजन करेगा।