गुरुग्राम। मंडलायुक्त राजीव रंजन ने गुरुग्राम, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ के जिला उपायुक्त को निर्देश दिए हैं कि मंडियों में राजस्थान के किसानों के बाजरे की खरीद न हो। सरकार के आदेश हैं कि मेरी फसल मेरा ब्योरा योजना के तहत ऑनलाइन पंजीकृत किसान और उनकी फसल को ही खरीदा जाए। यह आदेश खरीफ फसल की खरीद को लेकर की गईं तैयारियों की बैठक में दिए हैं।
मंडलायुक्त ने कहा कि मंडी में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए पुख्ता प्रबंध करें। इन तीनों जिले में फसल खरीद करने वाली एजेंसियों और मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों से कहा कि वह मंडियों में बिजली, पानी और सफाई की समुचित व्यवस्था कराएं। किसानों के लिए बनाए गए शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। आढ़तियों के पास तिरपाल की अतिरिक्त व्यवस्था रखी जाए, ताकि बारिश में फसल न भीगे।
उन्होंने तीनों जिले के उपायुक्तों से कहा कि फसल खरीद के समय आप सप्ताह में मंडियों में दौरा कर किसानों को होने वाली समस्याओं का समाधान कर मंडी में पिछले एक हफ्ते में की गई खरीद प्रक्रिया की भी समीक्षा करें। बैठक में गुरुग्राम के उपायुक्त डॉ यश गर्ग मौजूद रहे जबकि रेवाड़ी के उपायुक्त यशेंद्र सिंह व महेंद्रगढ़ के उपायुक्त अजय कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से जुड़े रहे। इनके अलावा मार्केटिंग तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।