गुरुग्राम। दयानंद कॉलोनी में चोरी-छिपे जिम संचालन की सूचना पर मंगलवार को पुलिस ने छापा मारकर 17 युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस को देखकर पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जिम संचालक समेत सभी युवकों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। सेक्टर-5 थाना प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश ने बताया कि सभी को हिदायत के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ऐसे जिम के संचालन पर निगरानी रख रही है।
जिला प्रशासन के सख्त आदेश के बीच सेक्टर-5 थाना प्रभारी को मंगलवार सुबह सूचना मिली कि दयानंद कॉलोनी में स्टेट बैंक के ऊपर मोल्ड जिम नाम से धीर कटारिया नामक युवक जिम चला रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जब जिम पर छापा मारा तो यहां 16 युवक कसरत करते दिखे। किसी ने भी मास्क नहीं पहना हुआ था और सामाजिक दूरी का भी उल्लंघन किया जा रहा था।
पुलिस ने जिम संचालक धीर कटारिया समेत कटारिया, बसई रोड निवासी अंशुल, विपिन, यश शर्मा, झज्जर के गांव मातन निवासी शमशेर दलाल, लक्ष्मण विहार निवासी अनूप कुमार, दयानंद कॉलोनी निवासी हेमंत शर्मा, सेक्टर-7 निवासी दीपक, आवास सोसायटी निवासी बिरेंद्र, अशोक विहार निवासी एविन, नितिन सेठी, न्यू कॉलोनी निवासी अपूरक कालरा, अर्जुन नगर निवासी विकास, खांडसा निवासी संदीप, सूरज, सूर्या विहार निवासी हीरा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में जिम संचालक धीर कटारिया ने बताया कि लॉकडाउन में काफी दिनों से जिम बंद होने से उसकी आर्थिक हालत खराब हो गई थी इस चक्कर में उसने जिम दोबारा खोल लिया था।