गुरुग्राम। छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए आगामी सत्र में व्यावसायिक योग्यता पाठ्यक्रम (वोकेशनल कोर्स) शुरू किए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य व्यावसायिक शिक्षा के प्रति ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को प्रेरित करना है, जिसमें विद्यार्थी अपने कौशल औैर रुचि को पहचानकर अपने कोर्स के अनुसार खुद को तैयार सकें। जिले के 5 राजकीय स्कूलों में यह कोर्स कराए जाने हैं, जिनका चयन किया जा चुका है। इन स्कूलों के छठीं से आठवीं कक्षा के शिक्षकों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। फिलहाल हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा पिछले कई वर्षों से 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ) के तहत 14 तरह के कोर्स कराए जा रहे हैं।
वर्तमान में यह चल रहे हैं कोर्स
वर्तमान में 9वीं से 12वीं कक्षा के लिए 14 व्यावसायिक कोर्स संचालित हैं। जिनमें रिटेल, सिक्योरिटी, ऑटोमोबाइल, ब्यूटी एंड वेलनेस, पेशेंट केयर असिस्टेंट, आईटी-आईटीईएस, शारीरिक शिक्षा एवं खेल, खेतीबाड़ी, मीडिया इंवायरमेंट एंड एनिमेशन, टूरिज्म, विजिन टेक्रीशियन, बैंकिंग एंड फाइनेशियल सर्विस, बैंकिंग एंड इंश्योरेंस सर्विस, फैशन डिजाइनिंग आदि कोर्स शामिल हैं। इनके लिए एक कोर्स में 25-25 विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। जोकि 12वीं कक्षा पास करने के उपरांत रोजगार से जुड़ सकते हैं।
इन स्कूलों में चलाए जाएंगा व्यावसायिक पाठ्यक्रम
व्यावसायिक पाठ्यक्रम के लिए जिले के 5 स्कूलों का चयन किया है। जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल गुरुग्राम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मानेसर (लड़कों), राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल फर्रुखनगर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सोहना और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पटौदी में पायलट प्रोजेक्ट के तहत व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू कराया जाएगा।
----
वर्जन
छठी से आठवीं कक्षा तक व्यावसायिक पाठ्यक्रम अगले शैक्षणिक सत्र में शुरू किए जाएंगे, इसको लेकर हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा योजना पर कार्य किया जा रहा है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिले के 5 स्कूलों का चयन किया जा चुका है और शिक्षकों को प्रशिक्षण भी दिया गया है।
- कल्पना रंगा, जिला परियोजना समन्वयक, गुरुग्राम।