गुरुग्राम। विधायक सुधीर सिंगला ने पटौदी चौक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी। यहां पर लोगों ने उनके सामने अपनी परेशानियां रखीं। अधिकतर मामलों को विधायक ने अधिकारियों को मौके पर ही फोन मिलाकर निपटा दिया। इससे पहले उन्होंने ओम नगर में लोगों की समस्याएं सुनीं।
विधायक सुधीर सिंगला करीब ग्यारह बजे पटौदी चौक पर पूर्व पार्षद धर्मबीर बाघोरिया के घर पहुंचे। यहां लोगों ने उनके सामने समस्याएं रखीं। पूर्व पार्षद ने मनोहर नगर में बन रही 36 बिरादरी की धर्मशाला को तीन मंजिला बनाए जाने की मांग के साथ वीर नगर में प्रजापति धर्मशाला के आए करीब डेढ़ लाख रुपये के प्रॉपर्टी टैक्स को माफ करने की मांग रखी। विधायक ने धर्मशाला के लिए बजट पास करवाने की मांग मंजूर करते हुए प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर नगर निगम के जेडटीओ विजय कपूर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मनोहर नगर में बिजली के पोल के बाद भी लाइन नहीं होने पर विधायक ने बिजली निगम के अधिकारी को मौके पर ही फोन मिलाकर इस बारे में कार्रवाई को कहा। लोगों ने कहा कि चार दशक पुरानी कॉलोनी अभी तक अवैध है। इस पर विधायक ने अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया। विधायक ने वार्ड 21 के पार्षद धर्मबीर सिंह को गली व सीवर के ढक्कन सही करवाने के निर्देश दिए। इस मौके पर हंसराज बाघोरिया, महेंद्र सिंह, उमेद सिंह, सुरेश प्रधान, रमेश कुमार, महाबीर परमार, राजेलाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।