फिरोजपुर झिरका। जिले की लगभग सभी अनाज मंडियों में सरसों की सरकारी खरीद शुरू हो चुकी है। दो दिन का समय बीतने जाने के बाद भी सरकारी खरीद एजेंसी सरसों का एक भी दाना नहीं खरीद सकी है। प्राइवेट एजेंसियों ने लगभग 8500 क्विंटल सरसों की खरीद फिरोजपुर झिरका अनाज मंडी में की है।
मार्केट कमेटी के सचिव सुंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने सरसों खरीद का एमएसपी निर्धारित किया है 5050 रुपये जबकि मंडी के बाहर सरसों की फसल का भाव 6500 रुपये से अधिक प्राइवेट एजेंसी या खरीद रही है। दो दिनों से सरसों की खरीद शुरू होने पर बताया कि सरकारी एजेंसियों के पास एक भी दाना सरसों का नहीं आया है जबकि प्राइवेट एजेंसियों के पास लगभग 6500 के भाव दाम किसानों को मिल रहे हैं। जिनका पूरा लेखा-जोखा विभाग द्वारा रखा जा रहा है। मंडी में गेट पास करने के बाद ही ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को एंट्री दी जा रही है। दो दिनों के भीतर प्राइवेट एजेंसियों ने करीब साढे़ आठ हजार क्विंटल सरसों की खरीद की है।
जिला विपणन अधिकारी राम मेहर सिंह जागलान ने बताया कि जमाखोरी को लेकर विभाग द्वारा विशेष रूप से अभियान चलाया जा रहा है। जमाखोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, क्षेत्रीय किसान भीम पटेल, मुकेश कुमार, अर्जुन गुर्जर, रती राम प्रजापत, आस मोहम्मद, ईसब ने बताया कि सरकार ने सरसों का एमएसपी 5050 रुपये रखा है मंडी के बाहर उनकी सरसों 6500 व 6600 के बीच बिक रही है। ऐसे में जब एमएसपी से अधिक दाम उन्हें मंडी के बाहर मिल रहा है तो वो अपनी फसल सरकार को क्यों बेचें।