सोहना। भोंडसी जेल में बंद एक कैदी ने पेड़ पर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। कैदी छेड़छाड़ के आरोप में जेल में बंद था। वह चार-पांच दिन पहले ही जेल में आया था। कैदी द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और सूचना परिजनों को दे दी थी।
घटना मंगलवार देर रात की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि जेल में बने अस्पताल में एक पेड़ पर फंदा लगाकर विजयपाल नामक 25 वर्षीय कैदी ने आत्महत्या कर ली है। कैदी झज्जर जिले के गांव पाटोदा का मूल निवासी था। वह छेड़छाड़ के आरोप में कुछ दिन पहले ही जेल में आया था। इस बारे में भोंडसी थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात 8 बजे के आसपास उन्हें सूचना मिली थी कि कैदी ने पेड़ में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने 174 की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मालूम हो कि दो माह पूर्व भी सदर थाना सोहना अंतर्गत निवासी एक कैदी ने भी सुबह पांच बजे वॉशरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। वह हत्या के आरोप में जेल में बंद था।