सुविधाओं के बेहतर इस्तेमाल करने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एक ही परिसर या करीब 100 मीटर की दूरी पर चल रहे सरकारी प्राथमिक स्कूलों को एक करने की तैयारी चल रही है। शिक्षा विभाग ने ऐसे स्कूलों की पहचान कर उनकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार आसपास चल रहे स्कूलों को एक में मिलाने से उपलब्ध कमरों और अन्य सुविधाओं का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा।
निर्देशों के अनुसार जिन स्कूलों की बीच दूरी बहुत कम है, उन्हें नजदीकी स्कूल में मिलाया जा सकता है। जिस स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या अधिक होगी, उसे मुख्य स्कूल के तौर पर रखा जाएगा। दूसरे स्कूल के विद्यार्थियों को भी इसी स्कूल में पढ़ाया जाएगा। यहां लड़के और लड़कियां एक साथ पढ़ेंगे। इस संबंध में 15 सितंबर को शाम चार बजे वीडियो बैठक भी आयोजित की गई थी। संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्र में ऐसे स्कूलों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।