एचएसआईआईडीसी की पांच टीमें कर रहीं सर्वे
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। आईएमटी मानेसर के सेक्टर-1 और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में बने अवैध पीजी और अतिक्रमण के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत यह कार्रवाई करेगा।
एचएसआईआईडीसी के अनुसार, सेक्टर-1 के रिहायशी इलाके में पीजी चलाने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद यहां कई पीजी चल रहे हैं। कुछ जगहों पर नए पीजी भी बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण की शिकायतें भी सामने आई हैं। इनकी जानकारी जुटाने के लिए एचएसआईआईडीसी ने पांच टीमें बनाई हैं। ये टीमें सेक्टर-1 और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में सर्वे कर रही हैं। सर्वे की कुल अवधि करीब छह सप्ताह रखी गई है, जिसमें अब 12 दिन बाकी हैं। अधिकारियों के अनुसार, सर्वे पूरा होने के बाद सभी जगहों की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी। मुख्यालय में अधिकारी रिपोर्ट पर चर्चा करेंगे और फिर इसे सुप्रीम कोर्ट में भेजा जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि सर्वे पूरा होने के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। नियमों के खिलाफ चल रहे पीजी को सील किया जा सकता है। वहीं, अवैध निर्माण और अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी की जा सकती है। फिलहाल विभाग की टीमें सर्वे पूरा करने में जुटी हैं। रिपोर्ट तैयार होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पीजी को सील करने या अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।
- अशोक, एजीएम, एचएसआईआईडीसी