गुरुग्राम। जिले में आज से कोरोनारोधी एहतियाती खुराक (तीसरी डोज) देने की शुरुआत की जाएगी, जिसके लिए कुल 67 केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन 13190 लोगों को एहतियाती खुराक दी जाएगी, जिसमें 60 साल से ऊपर के बुजुर्ग व फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल होंगे। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण व वॉक-इन की भी व्यवस्था की गई है। वॉक-इन के तहत सभी केंद्रों पर पहले आओ पहले लगवाओ की तर्ज पर कोरोनारोधी टीकाकरण किया जाएगा।
टीकाकरण अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स व 60 साल से अधिक आयु के वे लोग जो गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हैं, उनको सोमवार से टीके की एहतियाती खुराक देने की प्रक्रिया शुरू होगी। अभियान के तहत जिले में विभिन्न स्थानों पर शासकीय टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर नियमित रूप से चलाए जा रहे टीकाकरण कार्य के साथ ही तीसरी खुराक देने का भी काम किया जाएगा। वहीं, सेक्टर-31 स्थित पॉलीक्लीनिक में स्पुतनिक वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी।
67 स्वास्थ्य केंद्रों पर लगेगा टीका
67 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित सत्र के तौर पर 5 हजार को वॉक-इन व 7800 को ऑनलाइन पंजीकरण के तहत टीका लगाया जाएगा। वहीं, 40 केंद्रों पर किशोरों व 390 लोगों को एहतियाती खुराक दी जाएगी। शिक्षा व नौकरी के लिए विदेश जाने के लिए चयनित नागरिक सेक्टर-31 पॉलीक्लीनिक में जाकर कोविशील्ड की दूसरी खुराक ले सकते हैं। इस केंद्र पर वैक्सीन के 50 स्लॉट उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही इस स्वास्थ्य केंद्र पर स्पुतनिक वैक्सीन की दूसरी डोज भी लगाई जाएगी। यहां दूसरी डोज के रूप में 100 स्लॉट उपलब्ध रहेंगे।
पहली व दूसरी डोज के रहेंगे 13900 स्लॉट
इसके अतिरिक्त जिन नागरिकों को कोविशील्ड की पहली या दूसरी डोज लगवानी है वह अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर टीका लगवा सकते हैं। सोमवार को 67 टीकाकरण केंद्रों पर उक्त वैक्सीन के कुल 13 हजार 900 स्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं। टीकाकरण कार्य देख रहे गुरुग्राम के उप सिविल सर्जन डॉक्टर एमपी सिंह ने बताया कि टीका लगवाने के लिए लाभार्थी को किसी प्रकार के पूर्व पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है।