मॉड्यूल के आधार पर मास्टर ट्रेनर किए जाएंगे तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम (एससीईआरटी) में छठी से आठवीं कक्षा के लिए प्री वोकेशनल शिक्षा मॉड्यूल तैयार किया गया है। परिषद के निदेशक महाबीर प्रसाद के मार्गदर्शन में इसी मॉड्यूल के आधार पर वोकेशनल शिक्षकों को दो दिवसीय प्रशिक्षण मिलेगा। आरके पुनिया के नेतृत्व में 10 अगस्त व 11 अगस्त को मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिसमें सभी जिलों से पांच-पांच शिक्षक शामिल होंगे। एससीईआरटी की राज्य समन्वयक डॉ. तनु भारद्वाज ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत हरियाणा के सभी 22 जिलों से पांच-पांच वोकेशनल शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के तौर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण लेने के उपरांत यह मास्टर ट्रेनर अपने-अपने जिलों के स्कूलों में शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। इसमें राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ) और गैर राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क (नॉन एनएसक्यूएफ) छठी से आठवीं कक्षा वाले राजकीय स्कूल शामिल होंगे।
उन्हाेंने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत स्कूली शिक्षा में भी विद्यार्थियों के कौशल विकास पर जोर दिया गया है। ऐसे में स्कूलों की छठी से आठवीं कक्षा में भी वोकेशनल कोर्स कराएं जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा मिल सके। वर्तमान में राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ) के तहत सरकारी स्कूलों में नौवीं से 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को चार वर्षीय कोर्स कराए जा रहे हैं। गुरुग्राम में 61 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में एनएसक्यूएफ के तहत 11 कोर्स संचालित हैं।