हाइड्रा मशीन से पोल तोड़े जाने का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-51 में हाईटेंशन तार वाला बिजली का खंभा तोड़े जाने के कारण सेक्टर में करीब 14 घंटे बिजली गुल रही। गुस्साए लोगों ने सेक्टर के मॉल द्वारा पोल को शिफ्ट किए जाने के दौरान हाइड्रा मशीन से पोल तोड़े जाने का आरोप लगाया, जिसके तार में करंट था। लोगों का आरोप था कि इससे कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
सेक्टर 51 में मकान संख्या एक से 40 के बीच बृहस्पतिवार को बिजली कट गई। सेक्टर के मॉल से इस इलाके में हाईटेंशन लाइन आई हुई है। निवासियों का आरोप था कि मॉल प्रबंधन ने पोल को तोड़कर गिरा दिया, जिस तार में करंट था। लोगों के हंगामे के बाद बृहस्पतिवार की रात स्थानीय पुलिस और बिजली निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाेगों को समझा बुझाकर वापस भेजा। बिजली का खंभा सेक्टर के मॉल इलाके में है, जिसे मॉल ने शिफ्ट करने का आवेदन दिया है। इससे सेक्टर के घरों में बिजली जाती है। लोगों ने आरोप लगाया कि इस लाइन को शिफ्ट करने के क्रम में खंभा तोड़ दिया गया।
इस संबंध में बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता विकास यादव ने बताया कि जहां खंभा गिरा था, वहां जाने का रास्ता नहीं होने के कारण मरम्मत में देरी हुई। बाकी उस इलाके में रात 10 बजे ही बिजली बहाल कर दी गई थी। खंभा किसी ने गिराया नहीं बल्कि अपने आप गिरा था। मॉल वालों ने इसे शिफ्ट किए जाने का आवेदन पहले से दे रखा है।