गुरुग्राम। फाजिलपुर गांव स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) में पिछले 20 दिन से बिजली आपूर्ति बंद है। इससे मरीजों की जांच और उन्हें दवाइयां देने में परेशानी हो रही है। बिजली नहीं होने के कारण पंखे और अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं। ऐसे में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को बिना बिजली के काम करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य केंद्र पांच कमरों में संचालित है। यहां डॉक्टर के कमरे, दवा वितरण केंद्र और लैब सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। बिजली आपूर्ति बंद होने से इन सभी सेवाओं पर असर पड़ रहा है। स्वास्थ्यकर्मियों के अनुसार, बिजली नहीं होने के कारण उन्हें खिड़कियां और दरवाजे खोलकर काम करना पड़ रहा है। इससे मरीजों और स्टाफ को अंधेरे के बीच परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण कनेक्शन काट दिया गया है। बिजली जैसी बुनियादी सुविधा बंद होने से स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को परेशानी हो रही है।
स्वास्थ्य केंद्र में बिजली आपूर्ति बंद होने का मामला हाल ही में संज्ञान में आया है। मामले की जांच करवाई जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ वीरेंद्र बासवाना, सीएमओ, स्वास्थ्य विभाग