गुरुग्राम। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में नए शैक्षणिक सत्र 2021-22 में पांचवीं मेरिट के तहत दाखिला प्रक्रिया चलाई जा रही है। इसमें रविवार तक विद्यार्थियों को नए आवेदन करने का समय दिया गया और सभी जिलों की आईटीआई में खाली सीटों की संख्या दर्शाई गई है। अब सोमवार व मंगलवार को कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा दोबारा पोर्टल खोला जाएगा। आईटीआई में उपलब्ध ट्रेड की सीटों के अनुसार विद्यार्थी अपने आवेदन फार्म में संपादित कर सकेंगे, जिसमें ट्रेड और संस्थान में बदलाव कर सकेंगे।
आईटीआई में दाखिला के लिए विद्यार्थियों के पास आवेदन फार्म में 15 संस्थानों और ट्रेड चुनने का विकल्प है। हालांकि कई विद्यार्थी आवेदन फार्म में ट्रेड और आईटीआई का चयन करने में ध्यान नहीं देते, क्योंकि ट्रेड एवं संस्थान में नंबर आने के बाद उक्त जगह दाखिला नहीं लेते हैं। शहर के एमजी रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य जयदीप कादयान ने बताया कि 24 नवंबर को पांचवीं मेरिट सूची जारी की जाएगी, जिससे पहले 22 व 23 नवंबर को विभाग पोर्टल खोलेगा और विद्यार्थी अपने आवेदन फार्म में विकल्प चुन सकेंगे। जिसके अनुसार ही उनके नाम मेरिट सूची में शामिल किए जाएंगे। मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थी 24 से 26 नवंबर तक संस्थानों में पहुंचकर अपने दस्तावेज का सत्यापन करा सकेंगे और सत्यापन कराने के बाद 26 नवंबर की रात्रि 12 तक फीस जमा कराने का समय दिया जाएगा।