नंबर गेम- 03 स्कूलों में किया गया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। यातायात पुलिस ने मंगलवार को सुरक्षित वाहन पॉलिसी के तहत पटाैदी क्षेत्र के तीन स्कूलों में 45 स्कूली बसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूली बसों में जरूरी मानकों की जांच की। इस दौरान यातायात पुलिसकर्मियों ने स्कूली बसों के चालकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए, ताकि बच्चों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान पटौदी सिटी टी-पॉइंट जेडओ एएसआई धर्मबीर, आरटीओ टीम गुरुग्राम ने बस चालकों व स्कूल प्रबंधन को सुरक्षित वाहन पॉलिसी के बारे में जानकारी दी। वहीं, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने व सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने बारे में निर्देश दिए। इस दौरान बसों में सुरक्षा संबंधी आवश्यक मानकों, दस्तावेज, आपातकालीन उपकरणों और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। इसके साथ ही सभी बस चालकों को सुरक्षित व जिम्मेदार वाहन संचालन, निर्धारित गति सीमा का पालन, यातायात नियमों का अनुपालन और विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के बारे में जानकारी दी गई।
यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि सुरक्षित वाहन पॉलिसी के तहत स्कूली बसों की जांच की जा रही है। स्कूल प्रबंधन व चालकों को भी यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी जाती है।