-भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने गुरुग्राम में सुना प्रधानमंत्री मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम
-भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पात्र नागरिकों को वितरित किए आयुष्मान कार्ड
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मन की बात कार्यक्रम को लोगों के साथ सुना। बादशाहपुर के बूथ नंबर 408 में स्थित जीएनएच कन्वेंशन सेंटर में कार्यक्रम के दौरान जेपी नड्डा ने कहा पीएम मोदी जन-जन को एक सूत्र में पिरोने और विकसित भारत निर्माण के लिए मन की बात कार्यक्रम के जरिए संवाद करके लोगों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम के उपरांत सभी नेताओं ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया।
जेपी नड्डा ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभान्वित पात्र नागरिकों को आयुष्मान कार्ड लाभ पत्र भी वितरित किए। वहीं, 70 वर्ष से अधिक आयु के 10 वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड लाभ पत्र भी प्रदान किए। इस कार्यक्रम के बाद नड्डा ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। गुरुग्राम स्थित वाटिका चौक में पौधरोपण कर नड्डा ने पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि प्रकृति का संरक्षण हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि हम सभी मिलकर अपनी वसुंधरा को हरा-भरा बनाएं और अधिक से अधिक संख्या में वृक्ष लगाएं।
मन की बात कार्यक्रम पूरे देश के लिए प्रेरणादायी : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम में अपनी स्वयं की मेहनत से देशहित में योगदान देने वाले नागरिकों के अनुभवों को साझा करते हैं, जिससे आमजन को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से एक बड़ा लाभ हमारी आने वाली पीढ़ी व आमजन को मिलता है। मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक पेड़ मां के नाम अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें।
एक पेड मां के नाम संवेदना, संस्कार और सेवा का प्रतीक : बड़ौली
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भी अपने सोशल मीडिया पर लिखते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम के जरिए उज्ज्वल भारत के भविष्य की झलक लोगों के सामने प्रस्तुत करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज के संवाद में देशवासियों को कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल की काली छाया का स्मरण कराया। पौधरोपण विषय पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि संवेदना, संस्कार और सेवा का प्रतीक है। इस मौके केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य सुधा यादव, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, विधायक मुकेश शर्मा, बिमला चौधरी, तेजपाल तंवर सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।