गुुरुग्राम। राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए गुरुग्राम पहुंचे खिलाड़ियों को दूसरे दिन शौचालय में पानी और सोने के लिए गद्दों की व्यवस्था के साथ ही मच्छरों से भी निजात मिली। खिलाड़ियों ने भी प्रशासन की व्यवस्थाओं से संतोष जताया। मालूम हो कि पहले दिन मूलभूत सुविधाएं न मिलने से उन्हें काफी परेशानी हुई। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
शुक्रवार को नेहरू स्टेडियम में बैठे अपने मैच का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों ने बताया था कि उन्हें सोने के लिए गद्दे तक उपलब्ध नहीं कराए गए थे, शौचालय में पानी तक नहीं था। बिना नींद पूरी किए खेलने के लिए आए खिलाड़ियों ने प्रशासन पर सुविधाएं न देने का आरोप लगाया था। खिलाड़ियों ने बताया था कि रातभर मच्छरों ने सोने नहीं दिया तो गद्दों के अभाव में दरी पर लेटना पड़ा। इस बारे में अमर उजाला ने संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा तो उनकी तरफ से गोलमोल जवाब सुनने को मिला लेकिन शाम तक सभी व्यवस्थाएं दुुरुस्त करा दी गईं। मालूम हो कि ‘खेलो हरियाणा’ के तहत पूरे प्रदेश भर में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें से गुरुग्राम में कबड्डी, कुश्ती, तैराकी व हैंडबाल की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। इसमें हिस्सा लेने के लिए प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी गुरुग्राम पहुंचे हैं।
खिलाड़ियों का बयान :
पहले दिन व्यवस्थाएं बदहाल थीं लेकिन दूसरे दिन प्रशासन ने सोने के लिए गद्दे इत्यादि की व्यवस्था कर दी थी।
- ललित, खिलाड़ी
दूसरे दिन शौचालय में पानी था तो मच्छरों से भी राहत रही। हम अच्छे से सो पाए हैं तो उम्मीद है कि हमारा प्रदर्शन भी अच्छा रहेगा।
- जॉनी, खिलाड़ी
शौचालय में पानी का अभाव, सोने के लिए गद्दों की व्यवस्था न होने से हमें काफी परेशान होना पड़ा था लेकिन दूसरे दिन समस्या का समाधान करा दिया गया।
- गुरमीत, खिलाड़ी