गुरुग्राम। मानसून की बारिश शुरू होेने के बाद नागरिक अस्पताल के साथ ही ईएसआई अस्पताल व डिस्पेंसरी में भी मरीजों की भारी भीड़ लग रही है। भारी भीड़ होने के कारण एक तरफ तो घंटों तक कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। उसमें भी डिस्पेंसरी में सभी दवाएं न मिलने के कारण मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। सिविल लाइंस स्थित ईएसआई डिस्पेंसरी में दवाओं की किल्लत है।
बारिश व मौसम में बदलाव के साथ ही बुखार व मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। ऐसे में निचले व मध्यवर्गीय लोगों के लिए ईएसआई अस्पताल व डिस्पेंसरी एक बेहतर विकल्प है लेकिन शहर की ईएसआई डिस्पेंसरी में अव्यवस्थाएं व्याप्त होने से यहां आने वाले मरीजों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इलाज के लिए आई एक मरीज ने बताया कि पर्ची बनवाने के लिए भी यहां पर कर्मचारी कई बार बेवजह परेशान करते हैं तो हर बार डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाएं भी नहीं मिलती हैं, जिसके कारण मरीजों को बाहरी मेडिकल स्टोर से दवाएं लेने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
मरीजों से बातचीत
यहां पर अव्यवस्थाएं बहुत ज्यादा है। डॉक्टर तो अच्छा व्यवहार करते हैं लेकिन अन्य कर्मचारी पर्चा बनवाने व अन्य वजहों को लेकर बेवजह परेशान करते हैं। ऐसा कभी नहीं होता कि सभी दवाएं यहां की डिस्पेंसरी में मिल जाएं।
- कांता देवी, निवासी शांति नगर
अपनी मां का इलाज कराने के लिए आया हूं। कुछ दवाएं तो यहां मिल गई हैं लेकिन कई दवाएं बाहर से लेनी पड़ेंगी। दवाओं के नाम पर तो मेडिकल स्टोर वालों ने लूट मचा रखी है लेकिन अब हमारे पास कोई विकल्प भी नहीं है। डिस्पेंसरी में सभी दवाएं उपलब्ध हों तो हमें परेशानी का सामना न करना पड़े।
- तरुण कुमार, निवासी सूरत नगर
वैसे तो व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी देने के लिए मैं अधिकृत नहीं हूं लेकिन जहां तक जानकारी है लगभग सारी दवाएं यहां मिल जाती हैं। यदि कोई दवा उपलब्ध नहीं है तो मरीज उसे बाहर से खरीदकर उसके बिल के आधार पर भुगतान प्राप्त कर सकता है।
- राजीव खुंडानियां, मेडिकल ऑफिसर, ईएसआई डिस्पेंसरी