रेवाड़ी से चली ट्रेन का पातली के पास बंद हुआ इंजन, यात्रियों को हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। रेवाड़ी-गुरुग्राम-दिल्ली के मध्य चलने वाली पैसेंजर ट्रेन के इंजन में बिजली आपूर्ति बंद होने से पातली के पास आधे घंटे से अधिक समय तक रूकी रही। रेवाड़ी से चलकर गुरुग्राम-दिल्ली की ओर आ रही ट्रेन सुबह लगभग 7.15 बजे पातली के पास रुकने से ट्रेन के रुकने जहां यात्रियों को परेशानी हुई, वहीं अन्य कई ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ। यात्री अपने निर्धारित समय पर कार्यालय या ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाए। ट्रेन अपने निर्धारित समय से एक घंटा से अधिक देरी से रवाना हो सकी।
रेवाड़ी-दिल्ली डीएमयू पैसेंजर ट्रेन सुबह लगभग 5.38 बजे रेवाड़ी से चली थी। पैसेंजर ट्रेन में कामकाज और नौकरीपेशा को जाने वाले हजारों यात्री सवार थे। ट्रेन जैसे ही पातली स्टेशन के पास पहुंची तो इसके इंजन में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। ऐसे में ट्रेन को स्टेशन पर दूसरे ट्रैक पर ही रोक दिया। मौके पर पहुंचे रेलवे विभाग के मैकेनिकों ने इंजन को ठीक किया। जिसके बाद ट्रेन लगभग आधे घंटे की देरी से चल पाई। ट्रेन में आई खराबी के कारण ट्रेन में सवार यात्रियों में आक्रोश बढ़ गया। हालांकि, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत करवाया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पैसेंजर ट्रेन में खराब के कारण अन्य कोई भी ट्रेन प्रभावित नहीं हुई।