-जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर से दुर्गंध और गंदगी, कई शिकायतों के बाद भी स्थायी समाधान नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। सेक्टर-55 में खुले में कचरा डंप किए जाने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्र में कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। इससे आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
जनप्रतिनिधियों के अनुसार, खुले में कचरा डंप किए जाने की शिकायत संबंधित विभाग और प्रशासन से कई बार की जा चुकी है। शिकायत के बाद कुछ स्थानों पर सफाई कराई जाती है, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा उसी जगह कचरा जमा हो जाता है। लोगों का कहना है कि केवल सफाई कराने से समस्या का समाधान नहीं होगा। खुले में कचरा डालने वालों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी निगरानी और कार्रवाई जरूरी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कूड़े के ढेर के कारण आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। खुले में पड़े कचरे के पास आवारा पशुओं का जमावड़ा रहता है और उनके कारण कचरा सड़क व आसपास के हिस्सों में फैल जाता है। इससे राहगीरों को भी परेशानी होती है। लोगों ने संबंधित विभाग से नियमित सफाई कराने और खुले में कचरा डालने पर रोक लगाने की मांग की है।