गुरुग्राम। सेक्टर 18 थाना क्षेत्र में सुखराली कम्युनिटी सेंटर के पास देर रात शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे युवक की कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने कार सीधी कर युवक को बाहर निकाला। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, शुभम सहरावत 20 सेक्टर-17सी में परिवार के साथ रहता था। वह पढ़ाई के साथ ही पीजी चलाने का काम भी करता था। सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे चह अपनी बलेनो कार से रंगोली गार्डन में शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहा था। सुखराली से सेक्टर-17सी की ओर कार मोड़ रहा था। इस दौरान अनियंत्रित होकर कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। शुभम की साइड का शीशा खुला हुआ था। इससे शुभम का सिर डिवाइडर और कार के बीच फंस गया। हादसा होता देख मौके से गुजर रहे वाहन चालकों ने कार सीधा कर शुभम को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को कॉल की। सिर में गंभीर चोट होने के कारण शुभम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।