पटौदी। रेल मंत्रालय ने जैसलमेर से शकूरबस्ती के बीच एक नई एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12249 और 12250 की शुरुआत को मंजूरी दी है। बता दें कि गाड़ी संख्या 12249 शकूरबस्ती-जैसलमेर एक्सप्रेस शकूर बस्ती से शाम 5 बजकर 10 मिनट पर चलेगी जोकि रेवाड़ी 7 बजकर 10 मिनट, जयपुर 10 बजकर 40 मिनट, जोधपुर सुबह 03 बजकर 50 मिनट और जैसलमेर सुबह 9 बजे पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 12250 जैसलमेर शकूरबस्ती एक्सप्रेस जैसलमेर से शाम को 5 बजे चलेगी। रेवाड़ी 7 बजकर 38 मिनट और शकूरबस्ती सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर पहुंचेगी। इन गाडि़यों का ठहराव दिल्ली कैंट, गुड़गांव, रेवाड़ी, अलवर, दौसा, जयपुर, फुलेरा, कुचामन सिटी, मकराना डिगाना, मेड़ता रोड, जोधपुर, ओसियान, मारवाड़ लोहावत, फलौदी, रामदेवरा, आशापुरा गोमत के बीच किया गया है। इस गाड़ी में 16 कोच होंगे।
दैनिक रेल यात्री संघ पटौदी रोड के अध्यक्ष योगिन्द्र चौहान बताया कि इस गाड़ी का पटौदी रोड रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं देना भेदभाव को दर्शाता है। रेलवे बोर्ड के उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा ऐसे रेलवे स्टेशन पर ठहराव दिया गया है, जहां का राजस्व पटौदी रोड रेलवे स्टेशन से काफी कम है। अतिरिक्त यह सुबह रेवाड़ी से चलने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 54414 को भी डिस्टर्ब करेगी क्योंकि जिस दिन गाड़ी संख्या 5441 रेवाड़ी से लेट चलेगी उसी दिन इस पैसेंजर ट्रेन को जैसलमेर-शकूरबस्ती एक्सप्रेस ट्रेन द्वारा ओवरटेक करवा कर लेट करवा दिया जाएगा। संवाद