गुरुग्राम के पालम विहार क्षेत्र में रहने वाली ढाई साल की बच्ची के साथ उसके पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची ने रोते हुए पूरी घटना अपनी मां को बताई। आस-पास के लोगों ने आरोपी को दबोच कर पालम विहार थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने सोमवार को उसे अदालत में पेश किया जहां पर अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।
पड़ोस में रहने वालों ने घटना की जानकारी डायल 112 नंबर पर दी जिसके बाद मौके पर पालम विहार थाना पुलिस पहुंची। पुलिस को बेटी के पिता ने बताया कि वह टोल कंपनी में कर्मचारी है। उसके बगल के कमरे में भरतपुर (राजस्थान) निवासी बब्बन सिंह रहता है।
रविवार शाम को उसके कमरे में बेटी गई थी। जहां पर उसने दुष्कर्म का प्रयास किया जिसके बाद वह रोती हुई अपनी मां के पास आई। मां ने रोने का कारण पूछा। जिस पर उसने पूरी बात बताई। महिला ने अपने पति को सूचना देकर घर बुलाया और आस-पास के लोगों की मदद से आरोपी से पूछताछ की।
लोगों ने उसे पकड़ कर बैठा लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों के बयान पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने सोमवार को उसे अदालत में पेश किया जहां पर अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।