एनसीआरटीसी ने संशोधित डीपीआर को मंजूरी के लिए भेजा, जल्द परियोजना पर होगा काम शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) की ओर से दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड कॉरिडोर पर छह कोच वाली नमो भारत का संचालन किया जाएगा। इस 105.02 किलोमीटर वाले कॉरिडोर पर 17 स्टेशन होंगे। उम्मीद है कि जल्द ही नई डीपीआर को मंजूरी मिल जाएगी और परियोजना पर काम शुरू होगा।
दिल्ली (सराय काले खां) और एसएनबी (शाहजहांपुर-नीमराना-बहरोड़ कॉम्प्लेक्स) के बीच आरआरटीएस कॉरिडोर (जिसे अब नमो भारत कहा जाता है) के लिए मूल विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को हरियाणा सरकार ने फरवरी 2019 को अनुमोदित किया था। अब एनसीआरटीसी ने अलाइमेंट, स्टेशनों और विभिन्न अन्य तकनीकी मापदंडों में परिवर्तन के कारण एसकेके-एसएनबी कॉरिडोर की डीपीआर को संशोधित किया है। नमो भारत कॉरिडोर के लिए संशोधित डीपीआर के अनुसार साल 2031 में इस रूट पर रोज करीब 11,39,107 लोग यात्रा करेंगे। वहीं, साल 2041 में 14,44,387 लोग यात्रा करेंगे। नमो भारत की प्रत्येक ट्रेन में कुल छह कोच होंगे। नमो भारत ट्रेन की सीटिंग कैपेसिटी 350 होगी। जबकि नमो भारत में 600 से 700 यात्री एक साथ यात्रा कर सकेंगे।
नमो भारत दिल्ली से सराय काले खां से भूमिगत आईएनए और मुनिरका से होते हुए एरो सिटी पहुंचेगी। एरो सिटी से नमो भारत एनएच-48 के साथ दाईं से बाईं ओर स्थानांतरित होगी और साइबर सिटी में पहुंचेगी। इसके बाद एनएच-48 के साथ एलिवेटेड इफ्को चौक पहुंचेगी। इफ्को चौक के बाद रूट बाएं से दाएं की ओर स्थानांतरित होगा और राजीव चौक से पहले नमो भारत भूमिगत हो जाएगी। नमो भारत कॉरिडोर राजीव चौक स्टेशन के बाद फिर से एनएच-48 के बाईं ओर स्थानांतरित होगा और हीरो होंडा चौक पर भूमिगत रहेगा।
इसके बाद नमो भारत कॉरिडोर खेड़कीदौला में भूमिगत स्टेशन के साथ दाईं ओर स्थानांतरित हो जाएगा। खेड़कीदौला स्टेशन को पार करने के बाद एनएच-48 पर बाईं ओर स्थानांतरित हो जाएगा और मानेसर में स्टेशन भूमिगत होगा। इसके बाद एनएच-48 दाईं ओर शिफ्ट होकर अरावली रिज क्षेत्र से गुजरते हुए पचगांव पहुंचने से पहले अलाइनमेंट एलिवेटेड होगा। अलाइनमेंट बिलासपुर चौक, धारूहेड़ा और बावल तक एलिवेटेड रहेगा। इसके अलावा, भविष्य में दो स्टेशन (एमबीआईआर और रेवाड़ी) विकसित किए जाएंगे। नमो भारत कॉरिडोर के लिए गुरुग्राम में 22.64 एकड़ सरकारी और 7.74 एकड़ निजी लोगों की जमीन की जरूरत होगी। वहीं, मानेसर में 88.93 एकड़ सरकारी और 11.96 निजी लोगों की जमीन की जरूरत होगी।
नमो भारत कॉरिडोर 37.87 किमी अंडरग्राउंड और 67.15 एलिवेटेड होगा
सराय काले खां से एसएनबी (शाहजहांपुर-नीमराना-बहरोड) तक नमो भारत कॉरिडोर अलाइनमेंट की लंबाई 105.02 किमी है। नमो भारत कॉरिडोर 37.87 किमी अंडरग्राउंड और 67.15 एलिवेटेड होगा। एलिवेटेड स्टेशनों की लंबाई 140 मीटर होगी। वहीं, सराय काले खां स्टेशन एलिवेटेड होगा। जबकि आईएनए, मुनिरका, एरोसिटी और साइबर सिटी स्टेशन अंडरग्राउंड होगा। इफ्को चौक स्टेशन एलिवेटेड होगा जबकि राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, खेड़कीदौला और मानेसर स्टेशन अंडरग्राउंड होगा। इसके बाद पंचगांव, बिलासपुर, धारूहेडा, एमबीआईआर, रेवाड़ी, बावल और एसएनबी स्टेशन एलिवेटेड होंगे।
सेक्टर-33 में बनेगा मेट्रो का कास्टिंग यार्ड
गुरुग्राम। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) की टीम ने सेक्टर-33 में कास्टिंग यार्ड/बैचिंग प्लांट बनाने के लिए मौका मुआयना किया। यहां पर करीब पांच एकड़ जमीन मेट्रो निर्माण एजेंसी को दी जाएगी। कंपनी गर्डर्स, एलिवेटेड गर्डर समेत अन्य स्ट्रक्चर बनाने के लिए प्लांट स्थापित करेगी। जीएमआरएल की टीम सोमवार को दोपहर बाद सेक्टर-33 पहुंची और जमीन का मौका मुआयना किया। टीम के अनुसार जमीन कास्टिंग यार्ड के लिए उपयुक्त है। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना में पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-नौ तक टेंडर जारी किया हुआ है। पहले चरण में मेट्रो स्टेशनों के सिविल वर्क पर करीब 1286 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दूसरी ओर जीएमआरएल मेट्रो निर्माण करने वाली एजेंसी को कास्टिंग यार्ड बनाने के लिए सेक्टर-33 में करीब पांच एकड़ जमीन उपलब्ध कराएगा। इसके लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। सेक्टर-33 की भूमि एचएसवीपी के स्वामित्व की है। यहां पर अस्थायी रूप में कास्टिंग यार्ड बनाया जाएगा। इसके बाद यहां पर मेट्रो यार्ड बनाया जाना है। कास्टिंग यार्ड में प्रीकास्ट कंक्रीट के कई प्रकार के स्ट्रक्चर बनेंगे, जैसे कि मेट्रो परियोजनाओं में बीम, पिलर और अन्य स्ट्रक्चर शामिल हैं। ब्यूरो