जानकारी के अनुसार मुबीना पत्नी अलीजान (35), फरदीन पुत्र अलीजान (17) और रोनिशा पुत्री राशिद (4) शुक्रवार को बाइक से कामां थाने के बिलग गांव जा रहे थे। डूडोली गांव की सीमा में क्रशर प्लांट के समीप वह बाइक को रोककर आपस में बातचीत करने लग गए। इसी बीच जुरहेड़ा की ओर से अचानक एक तेज रफ्तार से आ रही थार गाड़ी ने उनको जोरदार टक्कर मार दी। जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मरने वालों में मां, बेटे व एक भतीजी शामिल हैं। मरने वालों के परिजन शादी की तैयारियों में लगे हुए थे। शनिवार को मुबीना के देवर की बरात जानी थी, लेकिन जैसे ही शुक्रवार को परिजनों के पास तीन मौतों की खबर पहुंची तो शादी की तमाम खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार में हाहाकार मच गया। इस दर्दनाक हादसे से लहरवाड़ी ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों में भी शोक की लहर है। बिछोर थाना पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।