शहर थाना प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि स्कूल में राहुल नाम का युवक उसके साथ पढ़ता था, जो अक्सर उसके साथ छेड़छाड़ करता था। आरोपी उसे शादी करने का झांसा भी देता था। एक दिन राहुल उसे राकेश की गाड़ी में बिठाकर अपने साथ ले गया। रास्ते में उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेसुध होने पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बना लिया। आरोपी ने किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
आरोपी ने धमकी देकर कई बार उसका यौन शोषण किया। आरोप है कि राहुल व उसके साथी करण, राकेश, उमेश, अरुण व निखिल भी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपयों की मांग करने लगे। वीडियो मिटाने के नाम पर राहुल उससे ढाई लाख रुपये व उसके साथी 20 हजार रुपये हड़प चुके हैं। उसके बावजूद भी आरोपियों ने उसके वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।