गुरुग्राम। न्यू कॉलोनी स्थित गीता नर्सिंग होम में सोमवार शाम डिलीवरी के लिए लाई गई महिला की ऑपरेशन के दौरान हालत बिगड़ गई। नर्सिंग होम की टीम ने एंबुलेंस से उसे नारायना अस्पताल पहुंचाया। वहां जच्चा, बच्चा को मृत घोषित कर दिया गया। महिला के पति ने गीता नर्सिंग होम की डॉ. गीता डबास व उनकी टीम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाना न्यू कॉलोनी में शिकायत दी है। पुलिस की जानकारी पर मामले की जांच सीएमओ द्वारा की जा रही है।
ज्योति पार्क में रहने वाले मनीष चौपरा ने पुलिस को बताया है कि उनकी पत्नी चिंकी वर्मा साढ़े आठ माह की गर्भवती थीं। न्यू कॉलोनी के गीता नर्सिंग होम की डॉ. गीता डबास समय-समय पर जांच कर रही थी। सोमवार को पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर गीता नर्सिंग होम लेकर पहुंचे तो डॉ. गीता ने बताया कि बच्चे की डिलीवरी ऑपरेशन से हो सकेगी। डॉ और उनकी टीम ने ऑपरेशन शुरू कर दिया। डॉ. ने परिजनों को बताया कि उनकी पत्नी का ऑपरेशन के दौरान ब्लड प्रेशर बढ़ गया है और उसे दौरा आया है। कुछ ही देर में नर्सिंग होम के गेट पर एंबुलेंस आ गई और पत्नी को नार्सिंग होम द्वारा नारायना अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस ड्राइवर को ठीक से रास्ता न पता होने की वजह से भी आधा घंटे की और देरी हो गई। नारायाना अस्पताल में डॉ. गीता व उनकी टीम पीछे से देरी से पहुंची। वहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने पत्नी की हालत काफी नाजुक बताई और आधा घंटे बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
फोन नहीं उठा रही डॉक्टर
पति ने बताया कि पत्नी की मौत के बाद से ही डॉ. गीता फरार हैं। इलाज की जानकारी के लिए उन्हें फोन किया गया है, लेकिन उनका फोन उठ नहीं रहा है। नर्सिंग होम पर भी उनसे मिलने गए तो वह नहीं मिलीं। डॉक्टर गीता व उनकी टीम की लापरवाही से ही पत्नी व उसके बच्चे की मौत हुई है।
मामले की शिकायत मिली है। सीएमओ को अवगत कराया गया है। लापरवाही की जांच सीएमओ करेंगे। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
वेदपाल, थाना प्रभारी न्यू कॉलोनी