मृतक की पहचान पलवल के विधावली गांव निवासी संजय शर्मा (55) के रूप में हुई है। वर्तमान में गुरुग्राम के रमा गार्डन में अपने बेटे, पत्नी और माता-पिता के साथ रह रहे थे। उन्होंने अलग-अलग जगहों पर कैंटीन के ठेके लिए हुए थे। संजय शर्मा डीपीजी ग्रुप ऑफ कॉलेज के बाहर भी कैंटीन चलाते थे। मंगलवार सुबह करीब 7.15 बजे वे अपनी ब्रेजा कार लेकर घर से कॉलेज में कैंटीन के लिए निकले थे।
घर से कुछ दूरी पर ही संजय शर्मा मृत अवस्था में मिले। राहगीरों ने सड़क पर शव देखा तो पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। सूचना मिलने पर सेक्टर-10 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल, फिंगरप्रिंट व क्राइम ऑफ सीन की टीमों को मौके पर बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। पुलिस इस मामले को दुर्घटना मान रही है।
वहीं, मृतक संजय शर्मा के परिवार का आरोप है कि सोमवार को कैंटीन के बाहर कुछ युवकों का झगड़ा हुआ था। सीसीटीवी फुटेज नहीं देने पर कुछ युवकों ने संजय शर्मा को धमकी दी थी। संजय शर्मा (मृतक) के भाई पंकज शर्मा ने बताया कि उन्हे 8 बजे सूचना मिली कि संजय का एक्सीडेंट हो गया है। हम मौके पर पहुंचे तो पता चला कि यह एक्सीडेंट नहीं, बल्कि हत्या है।
पंकज शर्मा ने आरोप लगाया है कि बीते सोमवार को युवकों में कैंटीन के सामने झगड़ा हो गया था। इस झगड़े में एक युवक संजय शर्मा से सीसीटीवी फुटेज मांगने आया तो उन्होंने फुटेज देने से मना कर दिया था। ऐसे में युवक संजय शर्मा को देख लेने की धमकी देकर गए थे। पंकज शर्मा ने आरोप लगाया कि सोमवार को ही कुछ युवकों ने संजय शर्मा का पीछा भी किया था।
मामले में जांच अधिकारी व सेक्टर-10 थाना के प्रभारी कुलदीप ने बताया कि परिवार वालों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की विभिन्न बिंदुओं के आधार पर जांच की जा रही है। मामले की जांच में अपराध शाखा की टीमें भी लगी हैं। जांच के बाद जल्द ही मामले की सही जानकारी जुटा ली जाएगी।