-6 आढ़तों पर चार लाख 19 हजार का जुर्माना व रसीदें काटी गईं
-लगातार पांच घंटे तक चली कार्रवाई से मचा हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। बुधवार को नगर की नई और पुरानी अनाज मंडी में फसलों के अवैध भंडारण की शिकायतों के बाद बुधवार को मार्केट कमेटी की टीम ने 5 घंटे तक गहन छापेमारी की। इस कार्रवाई से मंडी के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण में छह आढ़तों पर स्टॉक रजिस्टर में दर्ज से अधिक गेहूं, सरसों, चना, बाजरा और जौ पाया गया, जिसके चलते उन पर कुल 4 19,511 रुपये का जुर्माना समेत अलग अलग रसीदें काटी गईं।
जिला विपणन एवं प्रवर्तन अधिकारी विनय यादव के नेतृत्व में टीम ने नई और पुरानी अनाज मंडी में आढ़तों और गोदामों की गहन जांच की गई। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर खंगाले गए और कुछ रजिस्टर जब्त किए गए। निरीक्षण के दौरान नई अनाज मंडी की दुकान नंबर 24 (शिव शक्ति ट्रेडिंग कंपनी), दुकान नंबर 76 (संदीप ट्रेडर्स), दुकान नंबर 77 (महेंद्र कुमार संदीप कुमार), दुकान नंबर 87 (श्री राम खाद भंडार) और दुकान नंबर 95 (गोयल ब्रदर्स) व प्रशांत ट्रेडर्स पर स्टॉक से अधिक मात्रा में गेहूं, सरसों, चना, बाजरा और जौ पाया गया।
उन्होंने बताया कि मंडी में निरीक्षण मार्केटिंग बोर्ड की एक नियमित प्रक्रिया है। जहां किसानों के हितों का ध्यान में रखा जाता है। जबकि उल्लंघन करने पर नियम अनुसार कार्रवाई होती है। नियमों के उल्लंघन पर इन आढ़तों पर कुल 4 लाख 19 हजार 511 रुपये का अलग अलग जुर्माना और ररीद काटी गई। उन्होंने बताया कि कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी गई है और आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। टीम में तावडू मार्केट कमेटी सचिव वीरेंद्र कुंडू और कर्मचारी महिपाल, बसंत कुमार, टेकचंद आहूजा, कमल कुमार व सुखबीर आदि मौजूद थे।