पटौदी के डेडावाला मंदिर में मनाया भगवान परशुराम जन्मोत्सव
आदर्श ब्राह्मण सभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे जीएल शर्मा
पटौदी। आदर्श ब्राह्मण सभा पटौदी की ओर से भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया है। डेडावाला मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरियाणा डेयरी सहकारी प्रसंघ के पूर्व चेयरमैन जीएल शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर भगवान परशुराम को माल्यार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभा के अध्यक्ष रामचंद्र भारद्वाज की।
कार्यक्रम की शुरूआत मंदिर में हवन-यज्ञ से हुई। हेडाहेडी गोशाला के संचालक राजगीरी महाराज ने हवन-यज्ञ में पूर्ण आहुति देकर ब्राह्मण समाज के साथ-साथ सर्व समाज के लोगों को अपना आशीर्वाद दिया। इस मौके पर मुख्यअतिथि जीएल शर्मा ने सर्व समाज को भगवान परशुराम के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम केवल एक जाति या समाज के नहीं बल्कि सर्व समाज के उपासक हैं। इस मौके पर नगरपरिषद पटौदी मंडी सलाहकार समिति के अध्यक्ष चन्द्रभान सहगल,अशोक शर्मा,अनिल भारती, सुशील शास्त्री, विनोद शर्मा, अमित शर्मा, मुकेश शर्मा, सूरजभान, शादीराम सहित काफी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोगों ने बढ-चढ कर हिस्सा लिया।