जुनैद-नासिर हत्याकांड के आरोपियों की कुंडली खंगालने के लिए राजस्थान और हरियाणा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए छह टीम गठित की गई है। दोनों प्रदेशों के थाने-चौकियों से रिपोर्ट मांगी गई है। जिससे पूर्व में दर्ज मामलों में भी तेजी लाई जा सके।
इलेक्ट्रॉनिक में आईटीआई कर चुका अनिल
मूलरूप से नगीना खंड के गांव मुलथान निवासी अनिल कुमार पुत्र नंद किशोर ने प्रारंभिक शिक्षा गांव मूल्यन व नगीना के स्कूल से पूरी की है। उसने 12वीं के बाद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नगीना से इलेक्ट्रॉनिक की पढ़ाई की है। करीब 8 साल पहले उनकी शादी कमलेश से हुई थी। तीन बच्चों में 2 लड़के एक लड़की है। अनिल कुमार 3 साल पहले बजरंग दल से जुड़कर गोसेवा कर रहा है। ग्रामीणों की कई शिकायतें उससे रही है। गांव मूलथान में उन पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा करने के आरोप लगते रहे हैं। आरोपी की पत्नी कमलेश उर्फ नेहा कहती है कि अनिल 14, 15 और 16 फरवरी को घर छोड़कर कहीं नहीं गया।
रिंकू ड्राइवरी से कर रहा जीवन यापन
जुनैद-नासिर हत्याकांड में गिरफ्तार अभियुक्त रिंकू सैनी चालक है। वो अपनी गाड़ी चलाता है। कई बार गोसेवकों के साथ गाड़ी लेकर गया। वो 4 बच्चों का पिता है। रिंकू ने अलवर से स्नातक की पढ़ाई की है। अभियुक्त की पत्नी गीता कहती है कि सुबह 15 फरवरी को अलवर बुकिंग लेकर गया था और शाम को 5 बजे आ गया। केवल चाय पीकर फिरोजपुर झिरका से भिवाड़ी की बुकिंग लेकर चला गया तथा 16 फरवरी को दोपहर में घर आया। आगे बताती है कि करीब 4 साल से गोरक्षा दल से जुड़ा है। गीता कहती है कि उनका पति बेकसूर है।