सेंट्रल पार्क-2 का रास्ता रोकने का मामला कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री के सामने रखा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-48 स्थित सेंट्रल पार्क 2 सोसाइटी का मुख्य रास्ता बंद किए जाने के मामले को लेकर सोसाइटी निवासी सोमवार को कष्ट निवारण समिति की बैठक में आए कृषि मंत्री जेपी दलाल से मिले। मंत्री ने सोसाइटी के निवासियों की इस बात से सहमति जताई है कि यहां के रास्ते के उपयोग की मांग को बिल्डर नकार नहीं सकता है।
समिति की बैठक में बताया गया कि टावर -1 से लेकर टावर-9 तक की पहुंच को पूरी सोसाइटी की पहुंच से रोक दिया गया है। बिल्डर का यह कदम जिला अदालत के आदेश का खुला उल्लंघन है। यहां पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने अवरोधक हटाते हुए रास्ते को खुलवा दिया था और अपना साइन बोर्ड लगा दिया था। इसको बाद में उखाड़ दिया गया। सोसाइटी रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष प्रभात भारद्वाज कहते हैं कि पांच दिन पहले फिर से रास्ता बंद कर दिया है। यहां बेरीकेड कर दिए हैं। इसके चलते स्कूल बसों को सोसाइटी तक आने में परेशानी हो रही है। चार पहिया वाहनों को भी दिक्कत होती है।
पिछले महीने भी सोसाइटी की रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी। रास्ता बंद होने के कारण सेंट्रल पार्क-2 के टावर 1 से 9 तक के निवासी रास्ते का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। जब भी वह कभी सड़क का इस्तेमाल करने का प्रयास करते हैं तो वहां के सुरक्षा कर्मियों के द्वारा रोक दिए जाते हैं। ऐसी रोजाना होने वाली नोकझोंक से निवासी परेशान हैं। मंत्री जेपी दलाल ने उपायुक्त निशांत कुमार यादव को निर्देश दिए हैं कि वह साइट पर जाकर विजिट करें। सोसाइटी के सभी दस्तावेजों की जांच करें।