टीम इंडिया की हार के निराश यह मासूम इतना रोया कि उसकी सांस अटक गई। परिजनों ने आनन फानन उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तीन दिन के इलाज के बाद अब मासूम की हालत स्थिर है और उसे अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की तैयारी की जा रही है। सराय अलवर्दी का रहने वाला जैन खान विराट कोहली का फैन है। वह कक्षा तीन में पढ़ता है। जैन के पिता वसीम अहमद ने बताया की मैच देखने के समय वह पानी पीने के लिए भी नहीं उठता था।
पिछले 10 मैचों में भारतीय टीम की लगातार जीत के बाद वह इतना खुश था कि उसने वर्ल्ड कप फाइनल से पहले ही आतिशबाजी की तैयारी कर ली थी, लेकिन जैसे-जैसे मैच भारत की झोली से फिसलता गया वैसे-वैसे वह निराश होने लगा। अंत में वह बुरी तरह से रोने लगा। काफी समझाने के बाद भी वह नहीं माना और कई घंटो तक रोते-रोते अचानक उसकी सांस अटक गई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, अब मासूम की हालत स्थिर है और जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।