सेक्टर-66 में जोए स्ट्रीट मॉल के पास चोरी, इंफ्लुएंसर पंघाल ने साझा किया वीडियो
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-66 में जोए स्ट्रीट मॉल के पास सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अमित सिंह पंघाल की गाड़ी का शीशा तोड़कर लैपटॉप व नकदी चोरी कर ली गई। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए पुलिस के रवैये पर सवाल उठाए हैं। वीडियो में उन्होंने कहा कि पुलिस की तरफ से कहा गया कि शिकायत में चोरी न लिखे, सिर्फ यह लिखें की उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया और सामान गायब है। उनकी पत्नी ने वीडियो में कहा कि जब वह थाने में शिकायत देने गए तो लिखित शिकायत में गलती निकालकर दोबारा से लिखवाने के लिए कहा गया।
अमित पंघाल और उनकी पत्नी ने वीडियो में बताया कि शनिवार को वह सेक्टर-66 जोए स्ट्रीट गए थे। उन्होंने अपनी गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया था। थोड़ी देर बाद आए तो देखा की उनकी गाड़ी का पीछे का शीशा टूटा हुआ था। उन्होंने गाड़ी में सामान की जांच की तो उसमें लैपटॉप और नकदी नहीं मिला। इसके बाद जब वह सेक्टर-65 थाने में शिकायत देने के लिए गए तो वहां पर पुलिस ने उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया। उन्होंने कहा कि पुलिस कह रही थी कि वह अपनी शिकायत में चोरी की बात न कहें, सिर्फ शीशा टूटा और सामान गायब हो गया यह लिखें।