गुरुग्राम विश्वविद्यालय में सारथी कॅरिअर समिट-2024 का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शिक्षा, रोजगार, कौशल और उद्यमिता के लिए युवाओं का मार्गदर्शन करने के लिए गुरुग्राम विश्वविद्यालय में सोमवार को सारथी कॅरिअर समिट-2024 का आयोजन किया गया। भारत-तिब्बत सहयोग मंच, देवालय के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। इंद्रेश कुमार ने कहा कि वर्ष 2047 में विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में युवाओं का खास योगदान होगा। इस युवा शक्ति को कुशल और हुनरमंद बनाने से ही यह सपने सच होंगे। इंद्रेश कुमार ने कहा कि शिक्षण संस्थानों की भूमिका ऐसे में बहुत महत्वपूर्ण हो जाती है। शिक्षण संस्थान ही आज देखे सपने को साकार करने में युवाओं को सही राह दिखा सकते हैं।
कार्यक्रम अध्यक्ष कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सभी मेहमानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थी के संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास करने में मददगार होते हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की निदेशक डॉ. रंजना अग्रवाल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (विवि) के कुलपति डॉ. राज नेहरू, कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार सिंह, आरजे खुराफाती नितिन, हरियाणवी गायक सुभाष फौजी, बॉलीवुड गायक राहुल यादव फाजलपुरिया, हरियाणवी गायक एमडी देसी रॉकस्टार ने भाग लिया। गुरुग्राम विवि में चार सत्रों में आयोजित एक दिवसीय कार्यक्रम में जेसी बोस यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. एसके तोमर, दीपक चौरसिया ,स्कूल शिक्षा बोर्ड, हरियाणा के चेयरमैन डॉ. वीपी यादव, गुरुग्राम के अतिरिक्त जिला उपायुक्त (एडीसी) हितेश कुमार, भारत-तिब्बत सहयोग मंच के हरियाणा प्रांत के अध्यक्ष अमित गोयल , वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ राकेश योगी, प्रोफेसर मीनाक्षी, राज वर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर हरियाणा की रंग बिरंगी संस्कृति से लबरेज प्रस्तुति दी गई। गीत-संगीत और स्टेज डांस से दर्शक बेहद उत्साहित नजर आए। विश्वविद्यालय के सभी विभागों की ओर से उपलब्धियां दर्शाने के लिए अलग अलग स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम में विवि से संबद्ध कॉलेजों के करीब एक हजार विद्यार्थी मौके पर मौजूद रहे।