बीते माह डीटीपी की शिकायत पर विभिन्न थानों की पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में अवैध कॉलोनियां काटने पर विभिन्न थानों में 15 एफआईआर दर्ज की गई हैं। सोहना, पटौदी और फर्रुखनगर थाना क्षेत्रों से संबंधित इन एफआईआर में 100 लोगों को नामजद किया किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई डीटीपी द्वारा जनवरी माह के दौरान दी गई शिकायतों के आधार पर की है।
डीटीपी एनफोर्समेंट मनीष यादव ने बताया कि जनवरी में सोहना, पटौदी और फर्रुखनगर इलाके में अवैध कालोनी काटने वाले 15 लोगों के खिलाफ अलग-अलग एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की थी। इन लोगों पर अब केस दर्ज हो गया है। उन्होंने बताया कि पटौदी, फर्रुखनगर व सोहना में निर्माणाधीन स्ट्रक्चर तोड़कर रोड नेटवर्क ध्वस्त किए जा चुके हैं। तोड़फोड़ के बाद ही विभाग की तरफ से जमीन मालिकों की पहचान का काम भी शुरू कर दिया है।
अधिकारी ने बताया कि फर्रुखनगर में चार, सोहना में तीन और पटौदी में तीन कॉलोनी काटी गई थी। कई एकड़ में इन कॉलोनियों में तकरीबन सौ जमीन मालिकों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश भेजी है।