गुरुग्राम। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार काफी तेज हो चुकी है। जिसके चलते सक्रिय मरीजों की संख्या भी काफी बढ़ चुकी है। स्थिति यह है कि करीब एक माह में सक्रिय मरीजों का अनुपात 2.5 फीसदी तक बढ़ गया है। 28 फरवरी को जिले में कोरोना के महज 0.57 फीसदी सक्रिय मरीज थे, लेकिन एक माह बाद शनिवार को यह आंकड़ा बढ़कर 3.08 फीसदी हो गया।
28 फरवरी को जिले में कोरोना के महज 338 सक्रिय मरीज थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 1943 तक पहुंच चुकी है। एक तरफ तो रोजाना कोरोना के सैकड़ों मरीज आ रहे हैं तो वहीं सक्रिय मरीजों की निगरानी के लिए कोई मजबूत योजना भी नहीं है। जिसके चलते एक-दूसरे के जरिए संक्रमण का प्रभाव और बढ़ने की आशंका है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए संभावना है कि प्रशासन द्वारा पहले की तरह ही जिले में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़ाई जाएगी। वहीं, कोरोना मानकों की निगरानी के लिए गठित समिति भी कंटेनमेंट जोन की निगरानी करेगी।
अस्पतालों में बढ़े 89 मरीज
कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने का असर अस्पतालों में मरीजों की संख्या पर भी दिख रहा है। फरवरी के अंत में जिले के अस्पतालों में 32 मरीज भर्ती थे और सभी का जिला कोविड हेल्थ सेंटर में इलाज चल रहा था। वहीं, अब जिले के अस्पतालों में 159 संक्रमित उपचाराधीन हैं, जिसमें से 149 का जिला कोविड अस्पतालों में इलाज चल रहा है, वहीं 5 मरीजों का कोविड अस्पताल व 5 का कोविड केयर सेंटर में इलाज चल रहा है। इसके अलावा 1784 मरीज होम आइसोलेशन में हैं।