गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-चार में एक मकान में सामने की खुली जगह पर कमरे का अवैध रूप से निर्माण किए जाने पर मंगलवार को मौके पर डीटीपीई टीम पहुंच गई। निर्माण बंद कराकर मकान को सील कर दिया गया। वहीं, इसके बाद टीम ने सुशांत लोक-वन के व्यापार केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां हिदायत के बाद अब टीम को बाजार से अतिक्रमण हटा मिला।
डीएलएफ फेज-चार के एक मकान में नियमानुसार सामने खाली रखे जानी वाली जगह पर अवैध रूप से कमरे का निर्माण किया जा रहा था। टीम के साथ मौके पर पहुंचे डीटीपीई आरएस बाठ ने निरीक्षण के बाद निर्माण कार्य रुकवाकर मकान को सील करा दिया। इसके बाद टीम सहित सुशांत लोक-वन के व्यापार केंद्र मेें पहुंचे। यहां दुकानों के सामाने रास्ते व सार्वजनिक जगहों पर दुकानदारों व स्ट्रीट वेंडरों द्वारा अतिक्रमण किया हुआ था, लेकिन इस बार अतिक्रमण हटा मिला।
डीटीपीई ने दुकानदारों को खुद ही अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया था। डीटीपीई ने बताया कि अब यहां अतिक्रमण न होने की वजह से लोगों को राहत मिलेगी, वहीं आपात काल में यहां राहत वाहन आसानी से पहुंच सकेेंगे। टीम में एटीपी आशीष शर्मा, जेई आकाश आदि शामिल रहे।