गुरुग्राम। उच्चतर शिक्षा विभाग ने स्नातक के प्रथम वर्ष की दाखिला प्रक्रिया के तहत पोर्टल खोल दिया है। जो छात्र ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए थे, वे अपने नए रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। नए आवेदन फार्म भरने वाले छात्रों को 8 अक्तूबर और 11 अक्तूबर को खुली काउंसलिंग के तहत बची सीटों पर महाविद्यालय स्तर पर जारी होने वाली मेरिट सूची में शामिल किया जाएगा। गुरुग्राम विश्वविद्यालय से संबद्ध गुरुग्राम शहर के तीनों राजकीय महाविद्यालयों में लगभग 90 फीसदी सीटों पर दाखिला हो चुुका है।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने 16 अगस्त से 6 सितंबर तक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने का शेड्यूल तय किया था। इसके बाद विभाग ने दो मेरिट सूची जारी की। इसके उपरांत बची सीटों पर खुली काउंसलिंग के तहत महाविद्यालय स्तर पर दो मेरिट सूचियां जारी हो चुकी हैं। गत 29 सितंबर को उच्चतर शिक्षा विभाग ने दोबारा से पोर्टल खोला था, ताकि छात्र नए आवेदन कर सकें या जिन छात्रों के आवेदन फार्मों में विषयों में बदलाव सहित अन्य जानकारी अपडेट कर सकें। 4 अक्तूबर को महाविद्यालय स्तर पर जारी दूसरी मेरिट सूची में नए आवेदन करने वाले छात्रों को शामिल किया गया था।
वहीं, अब भी उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा पोर्टल खोला गया है। माना जा रहा है कि हरियाणा के कई जिलों के महाविद्यालयों में पूरी सीटें नहीं भर पाई हैं। वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) या अन्य किसी दूसरे राज्य में पढ़ाई के लिए आवेदन करने वाले छात्रों ने हरियाणा में ऑनलाइन आवेदन नहीं किया था, ऐसे में विभाग उक्त छात्रों को नए आवेदन फार्म भरने का मौका दे रहा है। शहर के सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय की दाखिला नोडल अधिकारी सरिता सिरा ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग ने पोर्टल खोलकर छात्रों को नए आवेदन करने का मौका दिया है। ऐसे में इन छात्रों को आगामी मेरिट सूची में जगह मिल सकेगी।