तोड़फोड़ कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने किया विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने सेक्टर-21 में अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब आधा एकड़ सरकारी जमीन को खाली कराया। एचएसवीपी के शहरी संपदा अधिकारी-1 राकेश सैनी के निर्देश पर एनफोर्समेंट टीम मौके पर पहुंची। उपमंडल अभियंता गौरव यादव ने बताया कि सेक्टर-22 थाना पुलिस के सहयोग से अभियान चलाया गया।
सरकारी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा 10 टीन शेड से कमरे बनाकर अवैध कब्जा किया गया था। कार्रवाई के दौरान कब्जाधारियों की ओर से विरोध भी किया गया। मौके पर दिल्ली पुलिस भी पहुंची, लेकिन एचएसवीपी अधिकारियों ने सरकारी जमीन से संबंधित दस्तावेज और पैमाइश रिपोर्ट दिखाने के बाद स्थिति स्पष्ट कर दी। इसके बाद दिल्ली पुलिस वापस लौट गई। अधिकारियों ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी भी दी गई है।
कार्रवाई के दौरान कुछ देर बहसबाजी और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, लेकिन पुलिस बल की सहायता से हालात नियंत्रित कर लिए गए। इसके बाद जेसीबी की मदद से अवैध रूप से बनाए गए 10 टीन शेड के कमरों को ध्वस्त कर दिया गया और जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। जेई ललित हंस ने चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एचएसवीपी द्वारा दो दिन पहले ही मुनादी करवाकर कब्जाधारियों को जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार जगदीश चंद्र बिश्नोई, संजीव यादव, गुरदीप पटवारी, बलविंदर, वीरेंद्र, वीरपाल और सर्वे टीम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।