डेढ़ एकड़ में पार्किंग का प्रस्ताव, 500 गाड़ियों की पार्किंग की होगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पार्किंग की समस्या से जूझ रही उद्योग विहार की करीब 3000 इकाइयों के लिए एक अच्छी सूचना है। हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचनात्मक विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) उद्योग विहार में एक मल्टीलेवल पार्किंग बनाने जा रहा है जहां 500 गाड़ियां खड़ी हो सकेंगी। यह पार्किंग करीब 50 करोड़ रुपये से बनेगी। डीएलएफ फेज -4 स्थित बिहारी मंडी नाम की जगह के पास खाली पड़ी डेढ़ एकड़ की जगह पर मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण होना है।
ओल्ड दिल्ली रोड, नेशनल हाई और दिल्ली बार्डर से सटे गुरुग्राम से सबसे पुराने औद्योगिक क्षेत्र उद्योग विहार के फेज वन से लेकर फेज पांच तक की बसावट काफी पुरानी है जहां करीब 3000 औद्योगिक और व्यवसायिक इकाइयां हैं। इलाके में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण उद्यमियों और आगंतुकों की गाड़ियां सड़क के किनारे खड़ी होती हैं। कुछ नए व्यवसायिक भवनों में अंडर ग्राउंड पार्किंग है मगर इसमें वे ही अपनी गाड़ी पार्क कर सकते हैं जिनका संबंध उस बिल्डिंग से है। उद्योग विहार के उद्यमियों की शिकायत रही है कि एचएसआईआईडीसी ने पार्किंग के लिए तय जमीन डीएलएफ को बेच दी। एचएसआईआईडीसी ने जगह चिन्हित कर प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों के पास भेजा था, जिसकी मंजूरी मिल गई है। अधिकारियों के मुताबिक शीघ्र इसपर काम शुरू हो जाएगा।
उद्योग विहार उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों प्रवीण यादव, अनिमेष सक्सेना, राज सिंगला, अशोक कोहली, एपी जैन आदि के अनुसार उद्योग विहार के सभी फेज में पार्किंग की सुविधा होनी चाहिए। केवल फेज चार में पार्किंग से कुछ सहूलियत को मिलेगी मगर इससे पार्किंग की समस्या का पूरा हल नहीं हो पाएगा।
उद्योग विहार में पार्किंग प्रपोजल मल्टीलेवल पार्किंग का प्रपोजल पास हाे चुका है। जल्द ही उद्योग विहार फेज -4 स्थित बिहारी मंडी क्षेत्र में खाली पड़ी डेढ़ एकड़ जमीन पर इसका कार्य शुरू होगा। 1970 से 80 के बीच जब उद्योग विहार का औद्योगिक क्षेत्र विकसित नहीं था तब गाड़ियां बहुत कम होती थी मगर अब इलाके में पार्किंग एक बहुत बड़ी समस्या है। मल्टीलेवल पार्किंग से उद्यमियों की समस्या कुछ हद हल होगी।
- अरुण गर्ग, डीजीएम, एचएसआईआईडीसी