गुुरुग्राम। पूर्व घोषित कार्यक्रम के मुताबिक 10 जनवरी से 60 साल से ज्यादा के बुजुर्गों को कोरोनारोधी टीके की बूस्टर डोज देने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्राथमिक तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने 2 से 2.5 लाख बुजुर्गों को कोरोनारोधी टीके की बूस्टर डोज देने का लक्ष्य रखा है। इसमें शुरुआत में शहरी इलाके पर ही जोर रहेगा। इसके अलावा फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी बूस्टर डोज दी जाएगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमपी सिंह के मुताबिक टीकाकरण का कार्य लगातार चल ही रहा है। ऐसे में बुजुर्गों व फ्रंटलाइन वर्कर्स को बूस्टर डोज देने के लिए अलग से कोई खास कवायद नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को सिर्फ पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार करनी है और उसके बाद तय तिथि से बुजुर्गों में टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा। 6-9 माह के अंतराल पर लाभार्थियों को टीके की बूस्टर डोज दी जाएगी। ऐसे में जून तक दूसरी डोज लेने वालों को पात्रों की सूची में डाला जा सकता है।
पटौदी अस्पताल में 8500 को बूस्टर डोज देने का लक्ष्य
इधर पटौदी के उपमंडल नागरिक अस्पताल के प्रभारी दिनेश रोहिला ने बताया कि 60 वर्ष से ऊपर के उन्हीं बुजुर्गों को बूस्टर डोज लगाई जाएगी जो किसी बीमारी से ग्रसित हैं। खास बात यह है कि डॉक्टर से लिखा हुआ पर्चा देखने के बाद ही बूस्टर डोज दी जाएगी। बूस्टर डोज के लिए अस्पताल में ही एक काउंटर होगा। प्राथमिक तौर पर पटौदी उपमंडल अस्पताल में करीब 8500 बुजुर्गों को बूस्टर डोज दी जाएगी।