गुरुग्राम के राजीव चौक को केवल यातायात के लिहाज से ही नहीं, हर तरह से मॉडल बनाया जाएगा। वाहन चालकों का सफर आसान करने के साथ ही इसे आकर्षक भी बनाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न एजेंसियों (सरकारी विभाग और एनजीओ) ने अपने-अपने स्तर की प्लानिंग कर धरातल पर काम शुरू कर दिया है।
यातायात के बदलाव की जिम्मेदारी सड़क सुरक्षा पर काम करने वाली एक अंतरराष्ट्रीय एनजीओ ट्रैक्स के साथ मिलकर यातायात पुलिस संभाल रही है तो, दूसरी जिम्मेदारियां गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए), नगर निगम, एनएचएआई, जिला प्रशासन के दूसरे विभाग संभाल रहे हैं।
यातायात पुलिस और ट्रैक्स एनजीओ ने पूरे 10 दिन के ट्रायल के बाद बदलाव की अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। दूसरी एजेंसियां भी युद्ध स्तर पर काम में जुट गई हैं। चौक पर अस्थायी ट्रैफिक सिग्नल पर टाइमिंग कंट्रोलर लगाए जा रहे हैं। दो दिन टाइमिंग कंट्रोलर से ट्रायल किया जाएगा। इसके बाद सिग्नल को स्थायी कर दिया जाएगा। चौक की दीवारों पर रंग-पेंट की पुताई कराई जा रही है। इन पर पशु-पक्षियों की पेंटिंग्स बनवाई जा रही है।
यात्रियों के पास आकर रुकेंगे वाहन
कहने को चौक पर बस, टैक्सी और ऑटो स्टॉप हैं, लेकिन बेतरतीबी के कारण यात्री दूर-दूर तक फैलकर खड़े होते हैं। इस कारण चौक पर दूर तक सवारी वाहनों का जमावड़ा रहता है। अब यहां शेड (छतरी) लगाकर यात्रियों के लिए आकर्षक स्थायी स्टैंड बनाए जाएंगे। सवारी वाहनों के लिए इन्हीं के दायरे में रुकने की बाध्यता होगी। इससे यहां का बेतरतीब यातायात व्यवस्थित होगा। ऐसा चौक के दोनों ओर किया जाएगा। स्टैंड भी अलग-अलग बनेंगे। ऑटो और टैक्सी के लिए अलग और बस के लिए अलग। ऑटो-टैक्सी के खड़े होने के लिए पार्किंग टाइप स्टैंड दोनों ओर बनाया गया है। रात के समय यात्रियों की सुरक्षा के लिए यहां लाइट भी लगाई जाएंगी।
फ्लाईओवर के नीचे लगेंगी टाइल्स और घास
फ्लाईओवर के नीचे टाइल्स और घास लगाई जाएंगी। इससे चौक की सुंदरता बढ़ेगी। यहां पार्किंग के साथ ही रेहड़ी वालों के लिए खड़े होने का स्थान भी मिलेगा। रोड पर अतिक्रमण से राहत मिलेगी। जाहिर तौर पर यह व्यवस्था भी यातायात को सुचारू करने में मददगार बनेगी। ट्रैक्स एनजीओ के निदेशक अनुराग कुलश्रेष्ठ के अनुसार राजीव चौक के दूसरे स्थानों पर यातायात बदलाव की योजना बनाई जा रही है। राजीव चौक को मॉडल चौक के रूप में विकसित करने के बाद उन पर काम होगा।
राजीव चौक के बाद सरहौल बॉडर, इफ्को, एमडीआई चौक का नंबर
राजीव चौक का काम खत्म होने के बाद सरहौल बॉर्डर, इफ्को, एमडीआई और सिग्नेचर टॉवर पर भी यातायात में बदलाव किया जाएगा। सरहौल बॉर्डर पर 32 लेन के कारण पूरा ट्रैफिक अव्यवस्थित है, इसे नियंत्रित करने की योजना बनाई जा रही है। ट्रैक्स एनजीओ से इसकी योजना बनाने को कहा गया है। यहां कई तरह की व्यवस्थाएं बदलनी होंगी। इफ्को, एमडीआई और सिग्नेचर टॉवर चौक पर कई परेशानियां आ रही हैं, आने वाले दिनों में उन्हें भी दुरुस्त किया जाएगा।-रविंद्र तोमर, डीसीपी ट्रैफिक