नरेश दलाल मुख्य लाइब्रेरियन और नोडल अधिकारी
- फोटो : Amar Ujala
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। युवाओं के बीच पठन-पाठन की गतिविधियों को बढ़ावा देने के मकसद से जिला गुरुग्राम में विभिन्न स्थानों पर 8 नए पुस्तकालय शुरू करने की तैयारी हो रही है।
इसके लिए औपचारिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जल्द ही इन पुस्तकालयों का निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। गुरुग्राम जिला राजकीय पुस्तकालय के मुख्य लाइब्रेरियन और नोडल अधिकारी नरेश दलाल बताते हैं कि सरकार का फोकस मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं पर है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए 8 नए पुस्तकालय अलग-अलग स्थानों पर खोले जा रहे हैं।
इनमें पटौदी ब्लॉक के तहत बिलासपुर में, पटौदी ब्लॉक के ही बोहराकलम में, गुरुग्राम साउथ अर्बन एस्टेट में, सोहना में, फर्रूखनगर में, मानेसर के कासन में और कासन के नाहरपुर में पुस्तकालय खोले जाने की तैयारी की जा रही है।
नरेश दलाल बताते हैं कि इसके लिए भूमि देख ली गई है। अन्य औपचारिकताएं पूरी करके निर्माण कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा।
प्रत्येक पुस्तकालय में एक कंप्यूटर, कुछ पुस्तकें, दैनिक पत्र और फर्नीचर की व्यवस्था स्वीकृत हो गई है। इन पुस्तकालयों के शुरू होने से जिला गुरुग्राम में सरकारी स्तर पर पुस्तकालयों की संख्या 9 हो जाएगी। इसका लाभ छात्रों के साथ-साथ सीनियर सिटीजन, गहन अध्ययन प्रेमी व पुस्तक प्रेमियों को भी मिलेगा।
जिला पुस्तकालय गुरुग्राम
- फोटो : Amar Ujala
जिला पुस्तकालय गुरुग्राम