गुरुग्राम। नए शैक्षणिक सत्र के तहत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिला प्रक्रिया चल रही है और 11 अक्तूबर को पहली मेरिट सूची जारी होगी। शहर के एमजी रोड स्थित राजकीय मॉडल आईटीआई सेक्टर-14 में नया कोर्स फाइबर होम टेक्नीशियन शुरू किया गया है, जिसमें 20 सीटों पर दाखिले हो सकेंगे। आईटीआई में अब कुल 26 कोर्स हो गए हैं, जिनमें 924 सीटों पर नए सत्र में दाखिले होंगे। अबकी बार रिकॉर्ड लगभग 10400 ऑनलाइन आवेदन हुए हैं। जिले की सभी 6 आईटीआई में 16 हजार से अधिक छात्रों ने आवेदन फार्म भरे हैं। ऐसे में अबकी बार आईटीआई की मेरिट काफी ऊंची रहेगी।
जानकारी हो कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में पढ़ाई करने के बाद छात्रों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। जहां औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में रोजगार मेले आयोजित होते हैं, वहीं आईटीआई पास युवाओं को नौकरी के लिए ज्यादा भागदौड़ नहीं करनी पड़ती। ऐसे में आईटीआई में कोर्स करने के लिए छात्र आवेदन कर रहे हैं। पिछले कुछ समय से छात्रों में आईटीआई को लेकर रुझान बढ़ने लगा है। राजकीय मॉडल आईटीआई के प्राचार्य जयदीप कादयान ने बताया कि नए सत्र में दाखिले के लिए 10 हजार से अधिक आवेदन आए हैं, ऐसे में अबकी बार मेरिट भी काफी ऊंची रहेगी और पहली मेरिट सूची में ही काफी सीटों पर दाखिले होने की उम्मीद है।